शेयर बाजार में व्यापार की व्यवहारिक पहलुओं पर चर्चा
रुद्रपुर।( लोक निर्णय)चाणक्य पीजी कॉलेज, रुद्रपुर में दीक्षारंभ 2026 के अंतर्गत तृतीय दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को वित्तीय बाजार एवं निवेश के व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराने के उद्देश्य से “उत्तम निवेश के मूल सिद्धांत एवं शेयर बाजार में व्यावहारिक व्यापार” विषय पर विशेष व्याख्यान में अम्रपाली विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विकास चंद्र अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।डॉक्टर अग्रवाल ने कहा कि शेयर बाजार में निवेश करते समय केवल अधिक लाभ कमाने की इच्छा पर्याप्त नहीं है, बल्कि निवेशक को बाजार की प्रकृति, जोखिम, कंपनी की वित्तीय स्थिति तथा निवेश के उद्देश्यों को समझना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुविचारित निवेश, जोखिम प्रबंधन, विविधीकरण तथा दीर्घकालीन निवेश दृष्टिकोण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने शेयर बाजार में व्यापार के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि निवेश करने से पहले कंपनी के वित्तीय विवरण, बाजार की स्थिति और संबंधित क्षेत्र की संभावनाओं का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निवेश और सट्टा गतिविधि के बीच अंतर भी समझाया तथा बिना पर्याप्त जानकारी के बाजार में धन लगाने से बचने की सलाह दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को शेयर बाजार में प्रयुक्त विभिन्न अवधारणाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय साक्षरता वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने निवेश और शेयर बाजार से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. अग्रवाल ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया।कॉलेज के प्रबंधन एवं प्राध्यापकों ने डॉ. विकास चंद्र अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक जानकारी प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कॉलेज की प्राचार्य डॉक्टर दीपाक्षी जोशी ने मुख्य अतिथि को धन्यवाद प्रेषित किया।
कार्यक्रम में शिक्षकगण सलीम अहमद, अनिल कुमार, डॉ. आइशा अमीन, डॉ. हरकमल कौर, डॉ. रुबीना सुल्तान, प्रतिभा सिंह, उपासना तिवारी, वर्णिका वर्मा संगीता सिंह, हिमानी धामी एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।





