शीतल ठाकुर बनीं ‘राइजिंग स्टार उत्तराखंड’
चंपावत।साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में चम्पावत का नाम एक और गौरवशाली उपलब्धि जुड़ गई है। नायर वैली एडवेंचर फेस्टिवल 2026 में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए चम्पावत साहसिक पर्यटन एवं ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेट एसोसिएशन की शीतल ठाकुर ने ‘राइजिंग स्टार उत्तराखंड’ का खिताब अपने नाम किया है। 26 से 28 फरवरी तक आयोजित इस प्रतिष्ठित महोत्सव में शीतल ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद का मान बढ़ाया है। शीतल ठाकुर, जो जनपद चम्पावत की प्रथम पैराग्लाइडिंग महिला पायलट होने का गौरव भी रखती हैं, को उनकी इस उपलब्धि के लिए नायर वैली एडवेंचर फेस्टिवल 2026 में 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार, पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।इसके अतिरिक्त चम्पावत साहसिक पर्यटन एवं ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेट एसोसिएशन के ही आशीष कोहली का चयन ‘टेक्निकल जज कोर्स’ के लिए किया गया है, यह गौरव की बात है कि शीतल ठाकुर और आशीष कोहली, दोनों ही इसी माह में नेपाल के पोखरा में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजन में उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। चम्पावत की इन दोनों विभूतियों का चयन राज्य स्तर पर जनपद की बढ़ती खेल प्रतिभाओं का प्रमाण है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलक्ट्रेट में इन दोनों प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए उन्हें बधाई दी।
जिलाधिकारी ने शीतल ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि चम्पावत की पहली महिला पायलट के रूप में उनकी यह उपलब्धि अन्य बालिकाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि साहसिक खेलों में महिलाओं की यह भागीदारी महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत उदाहरण है और प्रशासन का प्रयास रहेगा कि भविष्य में यहां के युवाओं को पैराग्लाइडिंग और अन्य साहसिक खेलों के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि चम्पावत वैश्विक मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सके।उन्होंने आशीष कोहली को भी तकनीकी जज के रूप में चयनित होने पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि पोखरा (नेपाल) में होने वाले आयोजन में चम्पावत के इन युवाओं की भागीदारी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद की पहचान बनेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जनपद में साहसिक पर्यटन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।इस दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी, चम्पावत साहसिक पर्यटन एवं ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेट एसोसिएशन की अध्यक्ष ज्योति भंडारी, सचिव आशीष कोहली, (मार्गदर्शक) एवं भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी (Ex-IAF) अमित परमार सहित अन्य मौजद रहे।





