शिक्षक संघ ने निदेशक प्राथमिक शिक्षा से हुई मारपीट की निंदा की
देहरादून।ननूरखेड़ा स्थित निदेशक प्राथमिक शिक्षा कार्यालय में घटी घटना ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा और महामंत्री महावीर सिंह बिष्ट ने कहा कि अजय नौडियाल, निदेशक प्राथमिक शिक्षा एवं विभागीय कर्मचारियों के साथ कथित रूप से एक विधायक की उपस्थिति में समर्थकों ने मारपीट एवं तोड़फोड़ की घटना अत्यंत निंदनीय एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है।
उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षक संघ इस कृत्य की घोर भर्त्सना करता है। शासकीय कार्यालय में इस प्रकार का अराजक व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। लोकतन्त्र संवाद और विधि के शासन से चलता है, न कि हिंसा और दबाव से।संघ ने माननीय मुख्यमंत्री से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जाँच एवं शिक्षकों-कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।यदि शासन द्वारा त्वरित एवं कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी संगठन संयुक्त रूप से तालाबन्दी एवं कार्य बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।



