शारदीय कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को जुटा जिला प्रशासन
हरिद्वार। शारदीय कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज जिला सभागार में अधिकारियों की बैठक ली।उन्होंने शारदीय कांवड़ यात्रा एवं शिवरात्रि के दौरान जनपद में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में यातायात व्यवस्था,सुरक्षा,स्वच्छता,स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन की समुचित तैयारियों को लेकर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कांवड़ मार्ग,राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाइट,पेयजल एवं शौचालयों की व्यवस्था के साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।उन्होंने पुलिस अधिकारियों से यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं अफवाहों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, चिकित्सक दल एवं प्राथमिक उपचार केंद्रों में सभी चिकित्सा सुविधा सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। नगर निगम,सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत को स्नान घाटों एवं कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए साथ ही नगर निगम को मोबाइल टायलेट की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए तथा जल संस्थान एवं ऊर्जा निगम को निर्बाध पेयजल व बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया।उन्होंने सभी जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस के अधिकारी को आज ही मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को कांवड़ यात्रा में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को निर्धारित रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा करने और ओवररेटिंग न करने के सख्त निर्देश दिए हैं।साथ ही भोजन की गुणवत्ता, एक्सपायरी सामग्री की जांच और नियमित निरीक्षण कर खराब खाना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा,अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर के सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह,सीओ एसडीआरएफ सुशील रावत आदि मौजूद थे।





