विश्वविद्यालय फार्म पर कुलपति ने किया धान रोपाई का शुभारम्भ
पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में नए फसल वर्ष का शुभारम्भ विश्वविद्यालय फार्म के बेनी प्रक्षेत्र स्थित एन खण्ड में धान रोपाई के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने महिला कृषि श्रमिकों नीलम देवी एवं मंजू देवी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना सम्पन्न कराकर खरीफ फसल सत्र का शुभारम्भ कराया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ धान की रोपाई में भी सहभागिता की।विश्वविद्यालय फार्म के मुख्य महाप्रबन्धक डा. राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय फार्म में लगभग 210 हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान का बीज उत्पादन किया जा रहा है। इसके साथ ही कुलपति के निर्देशन में दलहन एवं तिलहन फसलों के बीज उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अनुशंसित प्रजातियों के बीज उत्पादन कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई है। जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बेनी प्रक्षेत्र के टी खण्ड में 25 एकड़ क्षेत्र को जैविक बीज उत्पादन हेतु चिन्हित किया गया है, जहां ढैंचा बीज उत्पादन का कार्य किया जाएगा। कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने नए फसल वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उत्तम उत्पादन की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राज्य की कृषि आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न अनुसंधान एवं बीज उत्पादन कार्यक्रम संचालित कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंतनगर विश्वविद्यालय उत्तराखण्ड राज्य की गुणवत्तायुक्त बीज आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। कुलपति ने कृषि श्रमिकों, विशेषकर महिला श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में कुलसचिव डा. दीपा विनय; अधिष्ठाता, छात्र कल्याण डा. वी.सी. ध्यानी; अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, डा. अनिल कुमार शुक्ला; अधिष्ठाता, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, डा. डी. कुमार; अधिष्ठाता, प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, डा. एस.एस. गुप्ता; अधिष्ठाता, विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय, डा. आर.सी. श्रीवास्तव; अधिष्ठाता स्नातकोत्तर, डा. वीपी. वाष्णेय; अधिष्ठाता, कृषि व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय, डा. आर.एस. जादौन; अधिष्ठाता, मत्स्य महाविद्यालय, डा. अवधेश कुमार; निदेशक शोध डा. एसके वर्मा, निदेशक संचार डा. जे.पी. जायसवाल सहित विश्वविद्यालय फार्म के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महाप्रबन्धक, ऑपरेशन डा. अमित भटनागर ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।





