रुद्रपुर में स्मार्ट मीटर लगाने गई टीम का विरोध,बैरंग लौटी टीम
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) रुद्रपुर के संजय नगर खेड़ा क्षेत्र में आज स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने पहुंची विभाग की टीम का लोगों ने विरोध किया। काफी देर तक हंगामा होने पर टीम को मीटर लगाने का कार्य बीच में ही रोकना पड़ा। सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंच गए। वहां उन्होंने टीम का घेराव कर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक ने टीम को खरी-खोटी सुनाते हुए काम बंद करने की चेतावनी दी। ठुकराल ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम आदमी का शोषण करने का एक जरिया हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये मीटर इतने ही बेहतर हैं तो पहले इन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के घरों पर क्यों नहीं लगाया जा रहा है? उन्होंने कहा कि गरीब बस्तियों को निशाना बनाकर जबरन ये मीटर बदले जा रहे हैं, जबकि आम जनता की लगातार शिकायतें हैं कि नए स्मार्ट मीटरों में बिल पहले की तुलना में बहुत अधिक आ रहा है। ठुकराल ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में जबरन मीटर लगाने का प्रयास किया गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी।म प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, पार्षद सौरभ बेहड़, विकास मल्लिक, रमेन विश्वास, रंजीत तिवारी, तरुण विश्वास, सुधांशु बढ़ाई, कृष्णपद राय, आसित बाला, गोपाल गोलदार और धनंजय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता आदि मौजूद थे।





