रुद्रपुर महाविद्यालय को कैंपस का मिला दर्जा
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कैंपस का दर्जा मिलने की मंजूरी के बाद शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से भर उठा। कॉलेज प्रशासन, छात्र नेताओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महापौर विकास शर्मा का भव्य अभिनंदन करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर ‘मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद’, ‘महापौर विकास शर्मा जिंदाबाद’ और ‘एबीवीपी जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।महापौर के प्रयासों और पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रुद्रपुर में कुमाऊँ विश्वविद्यालय का नया परिसर स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी। मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए, जिसके बाद छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई।उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब महाविद्यालय में बीएससी की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। उस समय छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर इसके लिए व्यापक आंदोलन चलाया गया, जिसका परिणाम आज बीएससी भवन और विज्ञान शिक्षा के विस्तार के रूप में दिखाई दे रहा है।महापौर ने कहा कि छात्र नेताओं और विद्यार्थियों की लगातार मांग थी कि महाविद्यालय को कुमाऊँ विश्वविद्यालय का कैंपस बनाया जाए, क्योंकि यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रवेश, परीक्षा, अंकपत्र, डिग्री सहित विभिन्न शैक्षणिक कार्यों के लिए बार-बार नैनीताल जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। छात्र नेताओं ने कहा कि यह केवल रुद्रपुर महाविद्यालय की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे ऊधम सिंह नगर और तराई क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि कैंपस बनने से उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को शैक्षणिक कार्यों के लिए अनावश्यक भागदौड़ से मुक्ति मिलेगी।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य अवधेश नारायण सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डा. प्रदीप कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट, छात्रसंघ उपाध्यक्ष चेतन भट्ट, छात्रसंघ सचिव जसवंत सिंह, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष मोहम्मद अशलम, पूर्व छात्रसंघ सचिव सचिन गंगवार, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष कमल पॉपली, पूर्व छात्रसंघ उपसचिव सौरभ राजपूत, उपदेश सागर, बोधी सिंह, चंदन भट्ट, मोहम्मद अरबाब, नीरज मेहरा, विनय जोशी, गौरव कुशवाहा, ललित दिवाकर, अंजन आर्य, अमन कश्यप, करनदीप सिंह, योगी, राज गंगवार, प्रेम, गोविंद सिंह कोरंगा, रोहित बोरा, हिमांशु परिहार, लक्ष्मण धामी सहित एनसीसी एवं रोवर्स के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




