रुद्रपुर को मिलेगी हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी, युवाओं के लिए बनेगा आधुनिक शिक्षा और करियर हब
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) शहर के युवाओं को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी की सौगात मिलने जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम और जिला प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की तैयारियां तेज कर दी हैं। आज महापौर विकास शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, नगर निगम अधिकारियों और संबंधित विभागीय टीम ने पुरानी तहसील परिसर में प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चिन्हित भवन का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान भवन की संरचना, उपलब्ध स्थान और आवश्यक संसाधनों का आकलन किया गया। साथ ही लाइब्रेरी को आधुनिक स्वरूप देने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य और सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर के युवाओं को आधुनिक शिक्षा संसाधनों से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से पूर्व रजिस्ट्री कार्यालय की सरकारी इमारत उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, जिस पर सकारात्मक सहमति मिल चुकी है। अब पुराने तहसील भवन में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।उन्होंने कहा कि यह केवल पुस्तकालय नहीं, बल्कि आधुनिक शिक्षा और करियर निर्माण का केंद्र होगा। यहां ऑनलाइन-ऑफलाइन अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, बुक बैंक, कंप्यूटर लैब, हाई-स्पीड इंटरनेट, ई-लर्निंग सुविधाएं, करियर काउंसलिंग और प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। भविष्य में इसे कोचिंग और स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में भी विकसित करने की योजना है।मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसी कड़ी में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में भी लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।प्रस्तावित लाइब्रेरी पूरी तरह वातानुकूलित और हाईटेक होगी। यहां शांत अध्ययन कक्ष, डिजिटल स्टडी मैटेरियल, समृद्ध बुक बैंक, कंप्यूटर, इंटरनेट और आधुनिक अध्ययन संसाधनों की सुविधा उपलब्ध होगी। यह परियोजना रुद्रपुर को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।निरीक्षण के दौरान पार्षद पवन राण, पार्षद विष्णु सिंह, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, राजू नबियाल, अमित अरोड़ा बॉबी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




