उत्तराखंड ऊधम सिंह नगर

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का किया लोकार्पण

हरिद्वार।(लोक निर्णय)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि, हरिद्वार स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गोरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गोसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। हमारी परंपरा में गौ माता को सर्वदेवमयी माना गया है। गांवों में आज भी गो माता को परिवार का सदस्य मानकर उनकी सेवा की जाती है। उन्होंने कहा कि गोसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न अंग है। गोसंरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गोरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध एवं बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था द्वारा गोसेवा के साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गोसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे एवं पौष्टिक आहार की समुचित व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान में प्रदेश के 72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, ताकि गांवों के स्तर पर भी गौसेवा एवं गौसंरक्षण की व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। इन स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज आदि मौजूद थे।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99
ऊधम सिंह नगर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक – पेयजल के लिए 636.14 करोड़ स्वीकृत

लोक निर्णय,रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने चार सितंबर को कलक्ट्रेट के सभागार