मुख्यमंत्री धामी कल चंपावत में करेंगे जनसंवाद
चम्पावत।(लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 31 मार्च को चंपावत का दौरा करेंगे। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से संवाद भी करेंगे।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन प्रातः 10:30 बजे चंपावत हेलीपैड पर प्रस्तावित है। इसके बाद वह 10:40 बजे वे कार द्वारा साइंस सेंटर के लिए प्रस्थान करेंगे। जहां निर्माणाधीन साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेंगे।फिर मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:10 बजे गांधी चौक पहुँचेंगे। जहां वह राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर वह वीर-वीरांगनाओं, नगरपालिका प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से संवाद करेंगे तथा जनसभा को संबोधित भी करेंगे।गांधी चौक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:20 बजे गौरलचौड़ मैदान स्थित ऑडिटोरियम में ‘SHE for STEM Uttarakhand (यूकॉस्ट)’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभाग कर मेधावी छात्राओं को सम्मानित करेंगे।अपने भ्रमण कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री प्रेक्षागृह परिसर में मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे।जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कार्यक्रमों के सुचारू एवं सफल संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।





