भुगतान न होने पर डॉक्टर उपाध्याय ने दी कोर्ट जाने की धमकी
रुद्रपुर। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री डॉक्टर गणेश उपाध्याय ने किसानों के साथ शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन भदोरिया से कलक्ट्रेट में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके द्वारा हाई कोर्ट में जनहित याचिका जारी की गई थी।जिसमें सरकार ने नैनीताल हाईकोर्ट में एफिडेविट लिख कर दिया था कि किसानों का धान गेहूं का भुगतान 24 घंटे से लेकर एक सप्ताह में करेंगे। कहा कि 12 दिन पहले क्रय केंद्र पर धान बेचा था, मगर अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। किसानों ने कैसे दीपावली, छठ मनाई होगी। अधिकारियों को माह के पहले सप्ताह में वेतन मिल जाता है। किसान की फसल छह माह बाद तैयार होती है। जिसमें बेमौसम बारिश, जंगली जानवर उसके बाद पालतू जानवरों को झेलते हुए जब किसान धान तोलने के लिए तोल केंद्र में जाता है तो उसे दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। समय से भुगतान न होना यह तो बहुत घोर अन्याय है। अभी भी किसानों का हर मंडी में धान पड़ा है। आढतियों की लिमिट पूरी हो चुकी है । किसान परेशान हैं।इस पर डीएम नितिन भदोरिया ने खाद्य रसद सचिव फैनई से बात की। डीएम ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री से लिमिट बढ़ाने के लिए मीटिंग है ।यकीन है की भुगतान तीन दिन में हो जाएगा। डॉक्टर उपाध्याय ने चेताया कि यदि समय से भुगतान नहीं हुआ तो निश्चित तौर पर अवहेलना का केस नैनीताल हाईकोर्ट में करूंगा।





