पूर्णागिरि मेला मुंडन स्थल पर अवैध वसूली करने वाले ठेकेदार पर 25 हजार का जुर्माना
चंपावत।(लोक निर्णय)प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले के मुंडन स्थल पर श्रद्धालुओं से तय दर से अधिक पैसे वसूलने और अभद्रता करने की शिकायतों पर जिला पंचायत चम्पावत ने बड़ी कार्रवाई की है। इंटरनेट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया व प्रिंट मीडिया पर मुंडन कार्य के नाम पर अवैध वसूली के वीडियो वायरल होने के बाद, मेला मजिस्ट्रेट ललित मोहन तिवारी ने त्वरित प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए मुंडन स्थल का औचक निरीक्षण किया। बरेली निवासी श्रद्धालुओं ने बयान देकर पुष्टि की कि उनसे निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जा रही है और नाई न्योछावर के नाम पर जबरन 100 अतिरिक्त मांग रहे हैं। मौके पर ही दो श्रद्धालुओं की आपत्ति पर उन्हें 100-100 वापस भी कराए गए। जिला पंचायत के मेला अधिकारी/अपर मुख्य अधिकारी कमलेश बिष्ट ने नाई मुंडन ठेकेदार जितेंद्र सिंह महर (निवासी उचौलीगोठ, टनकपुर) को निविदा और अनुबंध की शर्तों का बार-बार उल्लंघन करने का दोषी पाया है। पूर्व में भी ठेकेदार को इस संबंध में कई बार चेतावनी पत्र जारी किए जा चुके थे। अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई करते हुए ठेकेदार पर 25,000 (पच्चीस हजार रुपये) का अर्थदण्ड (जुर्माना) लगाया गया है और इसे तीन दिन के भीतर कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा ऐसी शिकायत प्राप्त हुई तो ठेकेदार की जमानत राशि जब्त कर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी और उसका अनुबंध/ठेका तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा।





