पुरानी रंजिश में फायरिंग के चार आरोपित दबोचे, अवैध पिस्टल-तमंचा और दो स्कॉर्पियो बरामद
गदरपुर। (लोक निर्णय)कोतवाली गदरपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .32 बोर देशी पिस्टल, 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 3(5) तथा 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी भी की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक काशीपुर, पुलिस अधीक्षक अपराध रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय, गूलरभोज के पास से चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 26 जुलाई की शाम सरदार नगर अंडरपास कट के पास पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने सहजपाल सिंह व उसके साथियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी, जिसमें गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी थी, जबकि दो अन्य लोग मारपीट में घायल हुए थे। इस मामले में कोतवाली गदरपुर में विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत की गई। आरोपितों में राजवीर सिंह विर्क, आकाशदीप सिंह, प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी और सौरभ कुमार शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तार करने वाली टीम: उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक संजय सिंह बोरा, कांस्टेबल मोहन भट्ट, राजेन्द्र सिंह बिष्ट एवं मोहन सिंह बोरा थे।





