पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का आखिरी किरदार शूटर रिंकू भी पकड़ा
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) पार्षद प्रकाश धामी के सनसनीखेज हत्याकांड का अंतिम किरदार शूटर भी पकड़ा गया।जो यह एसटीएफ को बहुत बड़ी सफलता मिली है। शूटर रिंकू शर्मा करीब साढ़े पांच साल से बचने के लिए पुलिस से लुका छिपी का खेल रहा था,लेकिन आखिरकार वह एसटीएफ और पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।12 अक्टूबर, 2020 को उत्तराखण्ड के रुद्रपुर क्षेत्र के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह लगभग 9 बजे एक आई-10 कार में सवार बदमाश भदईपुरा पहुंचे। एक युवक ने पार्षद धामी को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान कार में सवार अन्य बदमाश मौके पर पहुंचकर धामी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों की गोलियां धामी के सिर, गले और सीने में लगीं। गंभीर रूप से घायल पार्षद ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा कर उनकी हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी पुलिस जांच में हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का मामला आया।हत्या को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को लगभग चार लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपितों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस छह आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि रिंकू शर्मा उर्फ पंडित घटना के बाद से ही फरार था वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड उत्तराखण्ड के चर्चित जघन्य अपराधों में से एक था, जिसमें शामिल आरोपित पिछले लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। इस फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ द्वारा विशेष रणनीति बनाकर तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं तथा भौतिक साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण किया जा रहा था। पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की टीम इस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए थी। अजय सिंह ने बताया कि आज तड़के विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि उक्त इनामी शूटर रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम एवं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन घेराबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।सटीक रणनीति और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने इनामी आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।बताया कि वर्ष,2020 में हुए पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में यह आरोपित एक पेशेवर शूटर के रूप में शामिल था, जिसे साजिश के तहत सुपारी देकर हत्या में शामिल किया गया था। रिंकू के विरुद्ध मप्र, उप्र व उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती , रंगदारी-वसूली व गैंगस्टर के करीब 01 दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं।रिंकू पुत्र मुकेश शर्मा जग्गा का पुरा
थाना डिमनी,जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है।आरोपित को पकड़ने वाली उत्तराखण्ड एसटीएफ टीम
में निरीक्षक एमपी. सिंह,उपनिरीक्षक प्रकाश भगतल, हेका गोविन्द बिष्ट, कांस्टेबल गुरवंत सिंह, मोहित वर्मा,हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कनवाल,हेड कांस्टेबल दुर्गा सिंह पापड़ा और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उनि चन्दन सिंह बिष्ट,कांस्टेबल 84 अमित कुमार, रघुनाथ सिंह शामिल थे।





