पंतनगर में किशोरी से सुरक्षा गार्ड ने किया दुष्कर्म
पंतनगर : गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंत के सुरक्षा विभाग में तैनात सुरक्षा गार्ड ने 14 वर्ष की मासूम से दुष्कर्म किया। इससे विवि में सनसनी फैल गई।इस शर्मनाक घटना से विवि की छवि खराब हुई है।हालांकि शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया।
पंतनगर थाना क्षेत्र की एक 14 वर्षीय किशोरी शुक्रवार शाम अपने घर पर ही थी। इस बीच झा कालोनी पंतनगर निवासी और पंत विवि के सुरक्षा गार्ड जंग बहादुर उसके घर पहुंचा। आरोप है कि वह किशोरी को बहला फुसलाकर अपने साथ सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके संग दुष्कर्म किया। घर पहुंचने पर किशोरी स्वजन से आपबीती बताई तो स्वजन के होश उड़ गए। स्वजन ने आरोपित गार्ड जंग बहादुर के विरुद्ध पंतनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपित पर पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली। पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित पर प्राथमिकी पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया है।


