दुर्गा पूजा व मां भगवती जागरण में शामिल हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला
दिनेशपुर/रुद्रपुर। (लोक निर्णय)भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने दिनेशपुर नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि केवल सिंह के साथ विभिन्न ग्रामों में आयोजित दुर्गा पूजा समारोहों में सम्मिलित होकर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। शुक्ला ग्राम हरिदासपुर, धर्मनगर खानपुर नंबर दो एवं पिपलिया नंबर एक में आयोजित दुर्गा पूजा समारोहों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और आयोजन समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। पूजा समितियों की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम के साथ गोदावरी कॉलोनी रामनगर, भमसेन मंदिर सतुईया एवं आजादनगर में आयोजित विशाल मां भगवती जागरण में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने मां भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भक्तिमय वातावरण में माता रानी के भजनों का आनंद लिया। जागरण में उपस्थित श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में लीन नजर आए। आयोजक मंडल की ओर से पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम का अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें शक्ति, साहस, सेवा, त्याग और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। दुर्गा पूजा एवं मां भगवती जागरण जैसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना मजबूत होती है तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।उन्होंने कहा कि मां भगवती की कृपा सभी क्षेत्रवासियों पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली आए, यही उनकी कामना है। उन्होंने आयोजन समितियों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में समितियों और स्थानीय श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान है। इस दौरान विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, आयोजक मंडल के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





