तामली मल्टी विलेज पेयजल योजना को 14.57 करोड़ मंजूर
चंपावत। (,लोक निर्णय)जनपद चम्पावत के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तामली मल्टी विलेज (बहु-ग्रामीण) पंपिंग पेयजल योजना को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।1457.21 लाख (लगभग 14.57 करोड़) की धनराशि का मुख्यमंत्री धामी के अनुमोदन प्रदान किया है। इसमें 1349.04 लाख की पूंजीगत लागत तथा 108.17 लाख सेंटेज शुल्क सम्मिलित है। योजना का क्रियान्वयन उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा किया जाएगा।यह महत्वाकांक्षी योजना लगभग 21 किलोमीटर के दायरे में फैले ग्राम तामली, पोलप, बचकोट एवं नाग के 400 से अधिक परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करेगी। परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक लिफ्ट (पंपिंग) आधारित पेयजल प्रणाली विकसित की जाएगी, जिसके माध्यम से ऊंचाई पर बसे गांवों तक नियमित एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।तकनीकी दृष्टि से योजना का व्यापक सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। वर्तमान 0.68 किमी लंबी राइजिंग मेन लाइन को बढ़ाकर 4.38 किमी किया जाएगा, जबकि 4.18 किमी की सप्लाई मेन लाइन को विस्तारित कर 7.80 किमी तक किया जाएगा। इससे जल वितरण प्रणाली अधिक सशक्त, प्रभावी एवं टिकाऊ बनेगी।योजना के पूर्ण होने पर तामली क्षेत्र में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। इससे न केवल ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा, बल्कि जल संग्रहण की कठिनाई से जूझ रही महिलाओं एवं बच्चों को भी बड़ी राहत मिलेगी।




