डबल वोट के नाम पर विधायक बेहड़ ने लगाई आपत्तियों, निष्पक्ष जांच की मांग
रुद्रपुर ।(लोक निर्णय)किच्छा विधानसभा क्षेत्र में डबल वोट के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के विरुद्ध लगाई गई आपत्तियों को लेकर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने आज रुद्रपुर स्थित एडीएम कार्यालय पहुंचकर एडीएम कौस्तुभ मिश्रा से मुलाकात की। विधायक ने निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से प्राप्त विभिन्न मतदाता सूचियों एवं अन्य दस्तावेजों के माध्यम से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।बेहड ने कहा कि केवल नाम और पिता के नाम की समानता के आधार पर किसी मतदाता को डबल वोटर मान लेना उचित नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे अनेक उदाहरण दिखाए। जिनमें एक ही नाम एवं पिता का नाम अलग-अलग स्थानों पर दर्ज है, जबकि संबंधित व्यक्ति अलग-अलग हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण हिंदू एवं मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों के हैं।उन्होंने शुक्ला परिवार एवं राजेश तिवारी सहित कई मामलों के दस्तावेज भी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए और बताया कि एक ही नाम तथा पिता के नाम वाले व्यक्ति कई अलग-अलग स्थानों पर मतदाता सूची में दर्ज हो सकते हैं। इसलिए प्रत्येक मामले की वास्तविकता जानने के लिए फोटो मिलान, परिवार के सदस्यों के मतदाता रिकॉर्ड का मिलान तथा जमीनी स्तर पर सत्यापन आवश्यक है। यदि जांच में वास्तव में डबल वोट पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन केवल नाम और पिता का नाम समान होने के आधार पर किसी वास्तविक मतदाता का नाम नहीं काटा जाना चाहिए।उन्होंने यह भी मांग की कि आपत्ति लगाने वाले व्यक्ति से केवल EPIC नंबर नहीं, बल्कि उसके दावे के समर्थन में ठोस प्रमाण भी लिए जाएं। यदि किसी दूसरे राज्य की मतदाता सूची का EPIC नंबर प्रस्तुत किया गया है तो संबंधित मतदाता की फोटो एवं अन्य विवरणों का भी सत्यापन किया जाना चाहिए।बेहड ने कहा कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर आपत्तियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध होने के बावजूद संबंधित सूची राजनीतिक दलों एवं अधिकृत प्रतिनिधियों को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने मांग की कि जिन मतदाताओं के विरुद्ध आपत्तियां लगाई गई हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे भी अपने स्तर पर प्रत्येक मामले की जांच में सहयोग कर सकें।बेहड ने चेताया कि यदि बिना फोटो एवं परिवार के रिकॉर्ड का उचित मिलान किए वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया गया तो वह इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।





