टनकपुर में आकार ले रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस स्टेशन
चम्पावत।(लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में यातायात एवं कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उत्तराखण्ड परिवहन निगम, टनकपुर के कार्यशाला परिसर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस स्टेशन का निर्माण कार्य गतिमान है।अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह बस स्टेशन टनकपुर को बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी प्रदान करने के साथ ही यात्रियों के आवागमन को अधिक सुगम, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाएगा।इसका लाभ चम्पावत सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को मिलेगा।टनकपुर जनपद का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के कारण आधुनिक बस स्टेशन से मां पूर्णागिरि धाम सहित जिले के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के साथ होटल, होम-स्टे, स्थानीय बाजार, टैक्सी एवं अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।बस स्टेशन के निर्माण से टनकपुर क्षेत्र में व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यह परियोजना चम्पावत को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ने के साथ पर्यटन, व्यापार और समग्र विकास के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी।





