जसपुर में योजनाओं की दी गई जानकारी
जसपुर।”जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अन्तर्गत आज जनपद ऊधम सिंह नगर के विकासखण्ड जसपुर के अन्तर्गत न्याय पंचायत अहमदनगर के आदर्श जनता इण्टर कालेज तालाबपुर में उपजिलाधिकारी जसपुर अभय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू एवं विशिष्ट अतिथि विधायक आदेश चौहान भी मौजूद थे।शिविर में कुल 1805 लोगों ने हिस्सा लिया।जिसमें 117 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसके सापेक्ष 35 प्रार्थना पत्रों/प्रकरणों को मौके पर ही निस्तारित किया गया। अन्य प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण हेतु मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है।इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न प्रकार की योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करते हुए सभी प्रकार के प्रमाण-पत्रों को शीघ्रता से निर्गत करने तथा शिविर में आने वाले सभी पात्र व्यक्तियों को योजना से लाभान्वित करने हेतु विशेष ध्यान रखने के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया।
शिविर में राज्य/केन्द्र सरकार की संचालित विभिन्न योजनाओं (मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, ब्रॉयलर फार्म प्रोत्साहन योजना, बैकयार्ड पोल्ट्री योजना, मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना, मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना, महिला मंगलदल व युवक मंगलदल का गठन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन- पशुधन बीमा, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना आदि) से कुल 1513 व्यक्तियों को लाभांवित किया गया।





