छापेमारी में खाद्य पदार्थों के पांच नमूने भरे
चम्पावत।होली के त्योहार के दृष्टिगत जनमानस को मिलावट रहित और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जनपद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून और जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोहाघाट बाजार क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों और किराना स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्यवाही के दौरान खोये से बनी मिठाइयां, नमकीन और सरसों के तेल (मस्टर्ड ऑयल) सहित कुल 05 नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला प्रेषित कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकांश दुकानों में रखरखाव संतोषजनक पाया गया, फिर भी टीम द्वारा सभी मिठाई विक्रेताओं को कड़े निर्देश दिए गए कि मिठाइयों में कृत्रिम रंगों का प्रयोग कम से कम करें।
सभी खाद्य पदार्थों को हर समय ढककर सुरक्षित रखें।
खोया केवल अधिकृत और लाइसेंसी विक्रेताओं से ही खरीदें। किराना विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे किसी भी स्थिति में एक्सपायरी (कालातीत) तिथि की सामग्री का विक्रय न करें और ऐसी सामग्री के लिए प्रतिष्ठान में अलग से बॉक्स बनाकर रखें।विभाग ने चेतावनी दी है कि होली पर्व तक यह चेकिंग अभियान पूरे जनपद में निरंतर जारी रहेगा ताकि मिलावटखोरी पर अंकुश लगाया जा सके।




