चम्पावत में कार पार्किंग को 140.80 लाख की दूसरी किश्त मंजूर
चम्पावत। (लोक निर्णय) चम्पावत में शहरी अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने एवं पर्यटन सुविधाओं को सुगम करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत नगर क्षेत्र के लिए एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।मुख्यमंत्री घोषणा के तहत चम्पावत नगर पालिका परिषद क्षेत्र में जायका रेस्टोरेंट के समीप निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना के लिए द्वितीय किश्त के रूप में 140.80 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह परियोजना नगर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मल्टीलेवल कार पार्किंग की कुल अनुमोदित लागत 352.00 लाख (तीन करोड़ बावन लाख रुपये) निर्धारित की गई है। इससे पूर्व प्रथम किश्त के रूप में कुल लागत का 40 प्रतिशत, अर्थात 140.80 लाख रूपये, अवमुक्त किया जा चुका है। अब परियोजना की निरंतरता एवं कार्यों में तेजी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुनः 40 प्रतिशत धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मल्टीलेवल कार पार्किंग के निर्माण से चम्पावत नगर में यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा तथा जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। इसके अतिरिक्त, स्थानीय व्यापारियों एवं पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा प्राप्त होगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा।जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।





