चकमा ने विकास कार्यों की समीक्षा की
रुद्रपुर। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य निरुपम चकमा ने आज जिला सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनपद में अनुसूचित जनजाति के हित में हो रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति के परिवारों को शतप्रतिशत योजनाओं से आच्छादित करें।जिससे जनजाति परिवारों को जीवन स्तर बेहतर हो सकें व मुख्य धारा से जुड़ सकें। चकमा ने जनजाति क्षेत्रों में पीएम जनमन, स्वनिधि, धरती आभा, पेंशन, शादि अनुदान, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, जेजेएम, जन औषधि, पीएम आवास, अटल आवास, शिक्षा, छात्रावास, छात्रवृत्ति, वन अधिकार अधिनियम आदि योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। कहा कि जनजाति के लोगों की भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त के प्रकरण संज्ञान में आए है। इसके लिए जिलास्तरीय रिव्यू कमेटी द्वारा समीक्षा करते हुए इसपर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के लोगों को सरकारी योजनाओं में ऋण देने के लिए बैंकों द्वारा आना-कानी की जा रही है। इसकी भी समीक्षा करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित करते हुए बैंकिंग सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएं। चकमा ने जनजाति क्षेत्रों में सभी विभागीय अधिकारी समन्वय बनाते हुए सरकार की सभी योजनाओं से आच्छादित करते हुए सम्पूर्णता मोड़ पर कार्य करें।जिससे उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा सकें। उन्होने जनजातीय क्षेत्रों में किए जा रहे योजना कार्यों की धरातलीय रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप पर आयोग को भेजने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में कार्य जा विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कहा कि सभी अधिकारी आयोग के निर्देशों का गम्भीरता से लेते हुए कार्यों को धरातल पर उतारे तथा आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सूचना त्वरित दें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उप सचिव अनुसूचित जनजाति आयोग कुशल देव वर्मा, वरिष्ठ अन्वेषक आकाश त्रिपाठी, सार्थक बडोनी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल आदि मौजूद थे।





