खरगे की हल्द्वानी रैली को सफल बनाने में जुटी कांग्रेस, 27 जुलाई को रुद्रपुर में बनेगी रणनीति
मनोज राय
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आगामी आठ अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रस्तावित सभा को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 27 जुलाई को रुद्रपुर स्थित सोनिया होटल में कांग्रेस के प्रदेश स्तर के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें सभा की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ जिला एवं महानगर स्तर के नेताओं की मौजूदगी रहेगी। हल्द्वानी की सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जिलों के नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसके अलावा प्रचार-प्रसार, परिवहन व्यवस्था और संगठनात्मक समन्वय को लेकर भी रणनीति तय की जाएगी।उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव और काशीपुर विधानसभा के विधायक टिकट के दावेदार अनुपम शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी सभा पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 27 जुलाई को रुद्रपुर के सोनिया होटल में प्रदेश स्तर के नेताओं की बैठक होगी, जिसमें सभा को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कार्यकर्ताओं और आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन पूरी गंभीरता के साथ जुटा हुआ है। आज काशीपुर में भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सभा को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है।विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। योजनाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पा रही है।जनता भाजपा की कथनी_ करनी को समझ चुकी है। जनता भाजपा की कार्यशैली से ऊब चुकी है।जनता का रुझान कांग्रेस की तरफ बढ़ रही है।इस बार जनता प्रदेश ने सरकार बदलने की पूरी तैयारी कर ली है।आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बननी तय है।इस मौके पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अल्का पाल आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।





