कृषि क्षेत्र हुआ डिजिटल, खाद की बिक्री के लिए लॉन्च हुआ नया मोबाइल ऐप
चंपावत।(लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि और किसानों को तकनीक से जोड़कर लगातार सशक्त बना रही है। कृषि क्षेत्र को डिजिटल रूप से सुदृढ़ करने और किसानों तक समय पर खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा एक नए ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (Framework for fertilizer sale) ऐप की शुरुआत की गई है। मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार ने बताया कि इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म का मुख्य उद्देश्य उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और सब्सिडी प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी, सुगम और सुचारू बनाना है, जिससे किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना न करना पड़े।राज्य सरकार द्वारा तैयार किए गए इस नए डिजिटल फ्रेमवर्क के लागू होने से अब किसानों को खाद के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा, बल्कि वे घर बैठे ही मोबाइल ऐप के जरिए अपनी जरूरत के अनुसार खाद की एडवांस बुकिंग कर सकेंगे।ऐप पर बुकिंग की प्रक्रिया पूरी होते ही किसान के मोबाइल पर एक विशिष्ट डिजिटल क्यूआर (QR) कोड जनरेट होगा। इसके बाद किसान अपनी सुविधानुसार नजदीकी किसी भी अधिकृत रिटेलर या खाद विक्रेता के पास जाकर अपना वह क्यूआर कोड दिखाएंगे, जिसे स्कैन करके रिटेलर उन्हें तुरंत खाद उपलब्ध करा देगा।इस सुरक्षित और पारदर्शी तकनीक से जहां खाद की ब्लैक मार्केटिंग (कालाबाजारी) पर पूरी तरह रोक लगेगी, वहीं वास्तविक किसानों तक सही समय पर सही दाम में खाद की पहुंच सुनिश्चित होगी।





