किच्छा में किसानों ने उप संभागीय खाद्य नियंत्रक को घेरा
किच्छा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं किसान नेता डॉक्टर गणेश उपाध्याय ने किसानों के साथ आज नवीन गल्ला मण्डी स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उप सम्भागीय खाद्य नियंत्रक लता मिश्रा का घेराव कर रोष जताया। उन्होंने कहा कि कांटों की धान तौल क्षमता समाप्त होने के कारण किसानों का धान नवीन गल्ला मण्डी पर तुल नहीं पा रहा है। 11 दिन से किसानों का धान धूल फांक रहा है। 14 अक्टूबर से किच्छा नवीन गल्ला मण्डी में ही लगभग 10 हजार क्विंटल धान बिना तुले पड़ा है। इसके अलावा भी हज़ारों क्विंटल धान बिना तुले किसानों के घर खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बिचौलियों द्वारा बाहरी राज्यों से लाकर धान तौल किया गया है। जिसमें खतौनी उत्तराखंड की लगाकर धान तौल में घोटाला किया गया है। जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं उपजिलाधिकारी गौरव पाण्डे से फोन पर वार्ता करते हुए धान तौल की क्षमता बढ़ाने करने की मांग की। उन्होंने अपर जिलाधिकारी से हल्का पटवारियों को क्षेत्र में भेजकर धान बुबाई क्षेत्र की कमेटी बनाकर जांच करने की मांग की। अपर जिलाधिकारी ने किसानों की समस्या पर गम्भीरता पूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। किसानों ने चेताया कि यदि जल्द खरीद शुरू नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। घेराव करने वालों में बलवंत सिंह, पूर्व प्रधान विनोद पंत, महिपाल सिंह बोरा, बिट्टू, विनोद जोशी, इकरार अहमद, सादिक, अर्जुन, पवन गंगवार, राजकुमार, गुरबाज सिंह, अखलाक, फुरकान अहमद आदि शामिल थे।




