एआइ, सैटेलाइट तकनीक और प्रिसिजन एग्रीकल्चर से स्मार्ट खेती को मिलेगी नई दिशा
पंतनगर । (लोक निर्णय) गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर और रोशनी एग्री इंफॉर्मेशन प्राइवेट लिमिटेड, मोहाली के बीच कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचार एवं अत्याधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी से स्मार्ट एवं तकनीक-आधारित खेती को बढ़ावा देने के साथ कृषि अनुसंधान, नवाचार, प्रशिक्षण और कौशल विकास को नई गति मिलेगी।कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप की उपस्थिति में विश्वविद्यालय की ओर से निदेशक शोध डा. एसके वर्मा तथा रोशनी एग्री इंफॉर्मेशन के प्रबंध निदेशक श्री राजीव तोमर ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर रोशनी एग्री इंफॉर्मेशन प्राइवेट लिमिटेड, मोहाली के प्रोजेक्ट लीड यश जोशी, विश्वविद्यालय के संयुक्त निदेशक अनुसंधान, डा. पीके सिंह, मुख्य महाप्रबंधक विश्वविद्यालय फार्म डा. आरपी सिंह, निदेशक संचार डा. जेपी जायसवाल एवं विश्वविद्यालय की विभिन्न शोध इकाईयों के संयुक्त निदेशक एवं सह निदेशक उपस्थित रहे।कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि कृषि की वर्तमान चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीकों और अनुसंधान के प्रभावी समन्वय से किया जा सकता है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी नवाचारों को किसानों की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि उद्योग के साथ यह साझेदारी नई कृषि तकनीकों के विकास और उनके व्यावहारिक उपयोग को गति प्रदान करेगी।एमओयू के तहत दोनों संस्थान डिजिटल कृषि, नई कृषि तकनीकों के विकास एवं परीक्षण, कृषि उद्यमिता, प्रशिक्षण तथा कौशल विकास के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इसके अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग, मृदा एवं फसल विश्लेषण, आईओटी, प्रिसिजन एग्रीकल्चर, सिंचाई प्रबंधन, क्लाइमेट-स्मार्ट खेती, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स एवं डिजिटल एडवाइजरी सिस्टम जैसी तकनीकों पर कार्य किया जाएगा।





