उत्तराखंड की मंत्री के पति पर कार्रवाई को हल्द्वानी में दी तहरीर
रुद्रपुर।उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री के पति की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। बिहार की महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर उनके खिलाफ उत्तराखंड क्रांति दल ने मोर्चा खोल दिया है।दल ने हल्द्वानी में पुलिस को तहरीर देकर मंत्री के पति पर कार्रवाई की मांग की। इस मामले को लेकर झारखंड में भी लोगों ने मोर्चा खोल दिया है।सोमवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) में कैबिनेट मंत्री के पति के खिलाफ परिवाद दायर किया गया है।उत्तराखंड क्रांति दल ने तहरीर में कहा है कि सार्वजनिक मंच से महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला उनका बयान न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह समाज में महिलाओं की गरिमा के खिलाफ गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।उन्होंने कहा कि मंत्री के पति की आपत्तिजनक टिप्पणी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई थी कि बिहार में 20 से 25 हजार रुपये में लड़कियां मिलती हैं। यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने कहा कि ऐसे बयानों से महिला तस्करी जैसे गंभीर अपराधों को बढ़ावा मिलने की आशंका है।आरोपित के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए।साथ ही कहा कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस मामले को लेकर उत्तराखंड के साथ ही बिहार और झारखंड में मंत्री के पति के खिलाफ लोगों ने मोर्चा खोल दिया है और लोगों में काफी आक्रोश है। लोग विरोध प्रदर्शन भी कर रहे हैं।इससे भाजपा घिरती नजर आ रही है।




