ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
चंपावत।भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं वीवीपैट (वोटर वेरिफ़ायबल पेपर ऑडिट ट्रेल) मशीनों की सुरक्षा, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण की कार्रवाई की जाती है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने आज राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय भवन में स्थापित वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। इस वेयरहाउस में जनपद चम्पावत की दोनों विधानसभाओं — 54-लोहाघाट एवं 55-चम्पावत के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें सुरक्षित रूप से संग्रहीत हैं। जिलाधिकारी ने मशीनों के रख-रखाव, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का विस्तृत परीक्षण किया। उन्होंने पाया कि सभी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें सुव्यवस्थित ढंग से रखी गई हैं। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा एवं सतत निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।राजनीतिक दलों के उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी ईवीएम एवं वीवीपैट के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, तहसीलदार बृजमोहन आर्य, सहायक निर्वाचन अधिकारी डीएस अधिकारी, भाजपा प्रतिनिधि नंदन तड़ागी, कांग्रेस प्रतिनिधि तुषार वर्मा आदि मौजूद थे।





