इंटरनेट मीडिया पर रखी जा रही पैनी नज़र
किच्छा। (लोक निर्णय) किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा चुनाव ड्यूटी में तैनात समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में मतदान संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील व महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी हेतु अतिरिक्त पुलिस बल एवं पीएसी (PAC) की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार गश्त व सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही, असामाजिक तत्वों और भ्रामक खबरें फैलाने वालों से निपटने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में खलल डालने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऊधमसिंह नगर पुलिस प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि वे बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।





