आरएसएस के 101वें स्थापना वर्ष एवं विजयादशमी उत्सव पर शस्त्र पूजन सम्पन्न
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 101वें वर्ष एवं विजयादशमी उत्सव पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सुभाष एवं दयानन्द उपनगर रुद्रपुर द्वारा मंगलवार को गंगापुर रोड स्थित शैल भवन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल विभाग के विभाग प्रचारक डॉ. नरेंद्र जी का स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन एवं उद्बोधन प्राप्त हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर विभाग प्रचारक डॉ. नरेंद्र जी ने संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों एवं संगठन की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने माँ दुर्गा की शक्ति उपासना से लेकर भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में शक्ति, साहस, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का विशेष महत्व है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें धर्म के मार्ग पर चलने, मर्यादाओं का पालन करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।उन्होंने स्वयंसेवकों को संघ के विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों द्वारा शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके अंतर्गत विभिन्न शारीरिक अभ्यास, योग एवं अन्य व्यायामों के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और सामूहिकता का परिचय दिया गया।विजयादशमी का यह उत्सव स्वयंसेवकों के लिए राष्ट्रभक्ति, संगठन, अनुशासन एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण का संदेश लेकर आया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, ऊर्जा एवं राष्ट्रभावना से ओतप्रोत रहा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सुभाष एवं दयानन्द उपनगर रुद्रपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने संघ के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान कार्यक्रम मे विभाग संघचालक डॉ रामउजागर,नगर संघचालक लक्ष्मी नारायण,सरदार गजेंद्र सिंह संधू,राजकुमार खनिजो,मनीष अग्रवाल,सुभाष उपनगर कार्यवाह राहुल तिवारी,दयानन्द उपनगर कार्यवाह आदित्य प्रकाश चौबे,अनुराग पाण्डेय,रमेश जोशी,विजय बहादुर मौर्य,अमितेश पाण्डेय भूपेंद्र,गौतम पोद्दार,सूर्यमणि मिश्र,दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, तरुण दत्ता,बिट्टू चौहान,मुकेश पारीख इत्यादि स्वयंसेवक उपस्थित रहे।





