आइपीएल ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा, दिल्ली का शातिर बुकी गिरफ्तार
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आइपीएल ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा किया है।साथ ही रुद्रपुर व थाना ट्रांजिट कैम्प पुलिस की संयुक्त टीम ने आइपीएल ऑनलाइन क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले दिल्ली निवासी एक शातिर बुकी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग में मौजूद थे। इसी दौरान परशुराम चौक के पास एसओजी रुद्रपुर टीम द्वारा सूचना दी गई कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के आगे एक व्यक्ति अपनी सफेद रंग की हॉन्डा सिटी कार में बैठकर आइपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। धर्मकांटे से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ी सफेद रंग की हॉन्डा सिटी कार संख्या DL10CL7743 में एक व्यक्ति लैपटॉप पर कार्य करता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को मौके पर ही दबोच लिया।आरोपित ने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी पुत्र वीर सिंह सैनी निवासी आर-जेड-एफ 150/3, गली नं०-37, साद नगर, पालम कॉलोनी, थाना पालम गांव, जिला दिल्ली बताया।आरोपित के पास से 92,000 हजार रुपए, एक एचपी कंपनी का लैपटॉप व चार्जर,
पांच मोबाइल, एक कैलकुलेटर,एक हॉन्डा सिटी कार संख्या DL10CL7743 व एक बैग बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए सुनसान स्थानों पर कार खड़ी कर आइपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करता था। वह लैपटॉप में विशेष सॉफ्टवेयर एवं मोबाइल फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर सट्टे का पूरा हिसाब-किताब रखता था।लैपटॉप में खुले iAssistant Software में ग्राहकों के नाम, सट्टे के रेट, आइपीएल टीमों के नाम, हार-जीत एवं रकम का पूरा रिकॉर्ड पाया गया। मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से संबंधित वॉयस रिकॉर्डिंग एवं Paytm लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी मिले।एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। युवाओं को बर्बाद करने वाले ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जनपद को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु ‘ऑपरेशन प्रहार’ आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगा।।





