अद्वैत आश्रम मायावती में लोगों ने किया योगाभ्यास
चम्पावत। (लोक निर्णय)12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए आज प्रसिद्ध आध्यात्मिक केंद्र अद्वैत आश्रम मायावती लोहाघाट में आयोजित शिविर में लोगों ने योगाभ्यास किया।जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चम्पावत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिये योग” (थीम: योगा फॉर हेल्दी एजिंग) रखा गया। स्वामी विवेकानन्द जी की इस तपस्थली में आयोजित इस सत्र में स्थानीय नागरिकों, देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और अध्यात्म के गहरे पारस्परिक संबंध का संदेश दिया।शिविर का शुभारम्भ मुख्य अतिथि अद्वैत आश्रम के अध्यक्ष स्वामी सुहृदयानन्द ने भगवान धन्वन्तरि की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस आध्यात्मिक और चेतना से ओत-प्रोत वातावरण में आयोजित योगाभ्यास सत्र का संचालन योग अनुदेशिका श्रीमती लीला जोशी द्वारा किया गया।इसके साथ ही योग अनुदेशक विजय देउपा और श्रीमती सोनिया आर्या ने उपस्थित सभी साधकों को कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया, जिससे वृद्धजनों के स्वास्थ्य और जीवनशैली को बेहतर बनाने की प्रेरणा मिली।अद्वैत आश्रम प्रबंधन समिति के विशेष सहयोग से आयोजित इस विशिष्ट समूह योग कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. सुधाकर गंगवार द्वारा किया गया।इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चम्पावत डॉ. प्रकाश सिंह,डॉ.उमेश भारती आदि मौजूद थे।




