उत्तराखंड ऊधम सिंह नगर शिक्षा स्वास्थ्य

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध से मिले शुक्ला, बड़ा आश्वासन: रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में इसी वर्ष से शुरू होगी पढ़ाई

किच्छा/देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने स्पष्ट किया है कि पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर (ऊधमसिंहनगर) की नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) की मान्यता समाप्त नहीं होगी। सभी आवश्यक मानकों को निर्धारित समयावधि में पूरा कर इसी वर्ष के अंत तक मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ कर दी जाएंगी। मंत्री से आज किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला देहरादून में मुलाकात कर समाचार पत्रों में प्रकाशित मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता समाप्त होने संबंधी खबरों का संज्ञान लेने का अनुरोध किया। पूर्व विधायक ने कहा कि इस प्रकार की खबरों से क्षेत्र की जनता और छात्र-छात्राओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, इसलिए सरकार तत्काल स्थिति स्पष्ट करे। मंत्री सुबोध उनियाल ने तत्काल निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अजय आर्य से दूरभाष पर वार्ता की तथा निर्देश दिए कि एनएमसी द्वारा निर्धारित सभी मानकों को 15 दिनों के भीतर पूर्ण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता समाप्त नहीं हुई है। एनएमसी ने केवल आवश्यक मानकों की पूर्ति के लिए 15 दिनों का समय दिया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी आवश्यक नियुक्तियां एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी, जिससे मेडिकल कॉलेज सभी मानकों पर खरा उतरेगा। उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इसी वर्ष के अंत तक यहां चिकित्सा शिक्षा प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से ऊधम सिंह नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं प्रदेश में नए चिकित्सकों के तैयार होने से डॉक्टरों की कमी को दूर करने में भी मदद मिलेगी।स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरें फैलाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ मेडिकल कॉलेजों के निर्माण एवं संचालन की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि देश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित हों, ताकि आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार हो। इसी सोच को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार निरंतर कार्य कर रही है।स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने विश्वास दिलाया कि रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता किसी भी स्थिति में समाप्त नहीं होने दी जाएगी। सरकार निर्धारित समय में सभी मानकों की पूर्ति कर दोनों मेडिकल कॉलेजों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का सपना शीघ्र साकार होगा, जिससे पूरे ऊधमसिंहनगर जनपद और आसपास के क्षेत्रों की जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिलेगा।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

शिक्षा

तीन भाषाओं में पढ़ाने पर शिक्षिका मंजू बाला को मिलेगा पुरस्कार

लोक निर्णय,रुद्रपुर: कहते है कि यदि कुछ करने का जज्बा हो तो हर मंजिल खुद कदम चूमती है।इसी जज्बे और
ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99