सीएनडीएस ने कॉलेज को सौंपा विज्ञान संकाय भवन
बागेश्वर।पंडित बीडी पांडे परिसर में पिछले लगभग एक दशक से लंबित विज्ञान संकाय भवन के हस्तांतरण का मामला जिला प्रशासन की सक्रिय पहल के बाद आखिरकार सुलझ गया। जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप कार्यदायी संस्था सीएनडीएस (CNDS) ने भवन को आधिकारिक रूप से परिसर प्रशासन को सौंप दिया।बता दें कि विज्ञान संकाय भवन का निर्माण वर्ष,2013 में लगभग 183.35 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किया जा चुका था, लेकिन तकनीकी औपचारिकताओं के कारण इसका हस्तांतरण लंबे समय तक लंबित रहा। भवन तैयार होने के बावजूद उपयोग में न आ पाने से छात्र लगातार इसे शैक्षणिक उपयोग में लाने की मांग कर रहे थे।छात्रों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया। इस प्रक्रिया में कैंपस निदेशक द्वारा सहयोग करते हुए आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण कराने में सकारात्मक भूमिका निभाई गई, जिससे वर्षों से चली आ रही अड़चनें दूर हो सकीं।भवन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब विद्यार्थियों को अतिरिक्त कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे परिसर में स्थान की कमी दूर होगी और पठन-पाठन के लिए बेहतर एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित होगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परिसर से जुड़ी अन्य किसी भी समस्या या शिकायत की भी गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।





