समाजसेवी रमेश की आंखें दो लोगों की बनेंगी रोशनी
काशीपुर।गिरीताल निवासी रमेश चंद सहगल के देहावसान के बाद उनकी पत्नी अर्चना सहगल व उनके सुपुत्र अधिवक्ता संदीप सहगल व पौत्र शाश्वत सहगल ने नेत्रदान की सहमति प्रदान कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। बाबू की आंखें अब दो नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में नई रोशनी बनकर उजाला फैलाएंगी।वसुधैव कुटुंबकम् काशीपुर की देखरेख में बाबू का नेत्रदान मुरादाबाद से आईसी एल गुप्ता आई हॉस्पिटल की टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो परिवार के महान व्यक्तित्व का अद्भुत प्रतीक है व बाबू की धार्मिक प्रवृत्ति के अनुरूप है।वसुधैव कुटुम्बकम् काशीपुर के संस्थापक सदस्य अनुज सिंघल ने बताया कि सनातन समाज में महर्षि दधीचि, राजा शिवि जैसे महान दानी हुए।जिन्होंने जनहित में अपनो अंगों का दान किया।कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल,संस्थापक सदस्य अजय अग्रवाल, दीपक मित्तल, अनुज सिंघल, सौरभ अग्रवाल, सचिव प्रियांशु बंसल व नेत्रदान प्रकल्प संयोजक सीए सचिन अग्रवाल ने परिवार का आभार व्यक्त किया। साथ ही परम पिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति की प्रार्थना की।





