वैशाखी स्नान एंव सद्दभावना सम्मेलन पर चाक-चौबंद रहेगी हरिद्वार पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था
हरिद्वार ।(लोक निर्णय) जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित व एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने आज संयुक्त रूप से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में वैशाखी स्नान एंव सद्दभावना सम्मेलन के लिए तैनात फोर्स को ब्रीफ किया।स्नान पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी कर्मियों को सतर्कता, संयम एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरे मेला क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत व्यक्तियों से समन्वय स्थापित कर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएंगे, साथ ही GRP एवं RPF के संपर्क में रहकर रेल के माध्यम से आने वाले यात्रियों की संख्या की मॉनिटरिंग करेंगे तथा समय से प्लान बनाकर सभी को सकुशल रुप से स्नान कराएंगे।बम निरोधक दस्ते (BDS) व श्वान दल को 24 घंटे एंटी-सबोटाज चेकिंग करते हुए पूरे मेला क्षेत्र में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने दिए ये निर्देश
- भीड़ बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर दबाव नियंत्रित किया जाएं।
- प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी पॉइंट पर पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।
- मनसा देवी मंदिर एवं चंडी देवी मंदिर में कतार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं।
- महिला घाटों पर विशेष सतर्कता रखते हुए भीड़ का सुचारू संचालन किया जाएं।
- जल पुलिस द्वारा घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि डूबने जैसी घटनाओं को रोका जा सकें।
- हर की पैड़ी क्षेत्र से भिखारियों को हटाकर आवागमन सुगम बनाया जाए।
- रेलवे स्टेशन, बस अड्डा व अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए।
- भीड़ नियंत्रण हेतु घुड़सवार पुलिस की तैनाती रहेगी।
- राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने हेतु विशेष प्लान लागू रहेगा।
- पर्व अवधि तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
- ड्यूटी के दौरान मोबाइल का अनावश्यक उपयोग व नशा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
- श्रद्धालुओं के साथ शिष्ट एवं सौम्य व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
- सभी अधिकारी/कर्मचारी अनुशासन व स्वच्छ वर्दी में ड्यूटी करें।





