लोहाघाट स्थित छमनिया में निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
चम्पावत। (लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में महिलाओं एवं बालिकाओं में खेल भावना को मजबूत करने तथा उनके सर्वांगीण खेल विकास के उद्देश्य से विकासखंड लोहाघाट स्थित छमनिया में लगभग 257 करोड़ रुपये ( ₹256 करोड़ 96 लाख) की लागत से अत्याधुनिक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी द्वारा स्पोर्ट्स पर्सन व बालिकाओं के लिए बन रहे हॉस्टल के निर्माण कार्यों के साथ-साथ बास्केटबॉल ग्राउंड, वॉलीबॉल ग्राउंड, फुटबॉल ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड और रनिंग ट्रैक के साथ दर्शक दीर्घा (स्टैंड) जैसी तमाम खेल अवस्थापनाओं की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को यह स्पष्ट रूप से सुनिश्चित करने के लिए कहा कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए तथा प्रथम चरण के अंतर्गत आने वाले हॉस्टल और खेल अवस्थापनाओं के कार्यों को तत्काल रूप से पूर्ण किया जाए।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था, निविदा कर्मियों और संबंधित स्टॉफ को आवश्यक मानव संसाधन व रॉ मटेरियल (कच्चे माल) की मात्रा में तुरंत बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्य में तेजी लाने के लिए प्रातः दोपहर और रात्रि—तीनों शिफ्टों में लगातार कार्य संपादित करने के कड़े निर्देश दिए गए ताकि बालिकाओं के लिए खेल के इस महत्वपूर्ण केंद्र को शीघ्र अति शीघ्र निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जा सके।इस दौरान विभिन्न अधिकारी, कर्मचारियों समेत कार्यदायी संस्था के लोग मौजूद रहे।





