उत्तराखंड बनेगा हार्टिकल्चर का हब:केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) कृषि विभाग द्वारा गांधी मैदान में आयोजित खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम का केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ 46.32 करोड़ की लागत से निर्मित 09 कार्यों का लोकार्पण तथा 323.34 करोड़ की लागत के 32 कार्यों का शिलान्यास किया।केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि जब खेत बचेंगे, जमीन बचेगी; जमीन बचेगी तो पृथ्वी बचेगी और पृथ्वी बचेगी तो जीवन बचेगा। उन्होंने किसानों से संतुलित उर्वरक उपयोग, मिट्टी के संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल भूमि नहीं, बल्कि हमारी धरती माता है, जिसकी हम सदियों से पूजा करते आए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री का अर्थ किसानों का पहला सेवक होता है। किसान ही उनके लिए भगवान हैं और उनकी सेवा ही उनके लिए भगवान की पूजा है। भारत आज चावल उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है तथा कृषि क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।कहा को उत्तराखंड जल्द ही हॉर्टिकल्चर हब के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा। भारत सरकार इस दिशा में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। कहा कि सेब, अखरोट एवं बादाम सहित उच्च गुणवत्ता वाले फलदार पौधों के उत्पादन हेतु मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बड़ी नर्सरी स्थापित करने वालों को 4 करोड़ रुपये तथा छोटी नर्सरी स्थापित करने वालों को 2 करोड़ रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही निजी क्षेत्र को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि उत्तराखंड के किसानों को गुणवत्तायुक्त पौधे उपलब्ध हो सकें और फल उत्पादन को नई गति मिल सके। उन्होंने कहा कि चौबटिया (अल्मोड़ा) में 15 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए न्यूजीलैंड के सहयोग से 15 करोड़ रुपये की लागत की विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे राज्य में कीवी उत्पादन को नई दिशा मिलेगी। जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए खेड़बाड़ (फेंसिंग) कार्य हेतु 65 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण कराने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित करने के लिए 104 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा रही है, जिससे किसानों को मौसम संबंधी सटीक एवं समय पर जानकारी उपलब्ध होगी तथा फसल बीमा योजना का लाभ भी प्रभावी ढंग से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ किसान, स्वस्थ मिट्टी और स्वस्थ कृषि व्यवस्था ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखण्ड की मजबूत नींव है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने, रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने तथा मिट्टी के स्वास्थ्य को संरक्षित रखने का आह्वान करते हुए कहा कि “खेत बचाओ अभियान” केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का जनआंदोलन है।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश की आत्मा हैं और अन्नदाता के अथक परिश्रम से ही प्रत्येक परिवार की थाली तक अन्न पहुंचता है। उन्होंने कहा कि यदि मिट्टी का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता रहा तो कृषि उत्पादन के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ेगा। वर्षों से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हुई है, इसलिए अब समय आ गया है कि मिट्टी को पुनः स्वस्थ बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।कृषि एवम् कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सभी अतिथियों एवम् कृषको का स्वागत करते हुए घेरबाढ़ हेतु 65 करोड़, जैविक खेती हेतु 10 करोड़ की धनराशि व मडुवा, झिंगोरा का एम एस पी घोषित करने का अनुरोध किया।





