राज्यपाल ने किच्छा में लौह पुरुष की प्रतिमा का लोकार्पण
किच्छा। (लोक निर्णय) गंगवार फार्म बरा में आयोजित सरदार एकता संदेश समारोह में झारखण्ड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने आज लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा का लोकार्पण किया। राज्यपाल ने लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। जिन्हें लौह पुरुष कहा जाता है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर राष्ट्र को एकजुट किया व एक सूत्र में पिरोया यह विश्व का एतिहासिक कार्य है।कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के ऊधम सिंह नगर में लौह पुरूष बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा स्थापित करना हमारे लिए गौरव की बात है, आने वाली पीढ़ी के लिए एक दिशा देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड त्याग, तपस्या, वीरता, राष्ट्रीय भक्ति की भूमि रही है।यहा प्राकृतिक सुन्दरता, समृद्ध संस्कृति, सफल जनजीवन एवं सबको कर्तव्यनिष्ठ, सेवा उद्देश्य होने का संदेश देती है। इस पवित्र भूमि पर सरदार बल्लभ भाई पटेल जी की प्रतिमा स्थापित करना सार्थक ही नही है, आने वाली पीड़ियों के लिए एक दिशा देने का कार्य करेगा। सरदार बल्लभ भाई पटेल को स्मरण करते हुए कहा कि वे एक दृढ़ निश्चयी, दूरदर्शी और कुशल प्रशासक व भारतीय प्रशासनिक सेवा के संस्थापक और राष्ट्रवादी आंदोलनों के प्रमुख नेता थे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल दृढ़ नेतृत्व और निर्णय क्षमता के धनी थे, वे एक बेबाक और निर्णायक नेता थे, जिन्होंने बारडोली और खेड़ा सत्याग्रह जैसी चुनौतियों का कुशलता से नेतृत्व किया। उनके लिए राष्ट्र प्रथम था तथा राष्ट्र की सुरक्षा और एकता सबसे ऊपर थी। उन्होंने कहा कि हम सबको यह संकल्प लेना होगा कि हमे जाति, धर्म, सम्प्रदाय, भाषा व क्षेत्रीय भेदभाव से उपर उठकर राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक भारत, श्रेष्ट भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। देश की विभिन्न हिस्सों को सांस्कृतिक, सामाजिक व आर्थिक रूप से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। और सरदार जी के आदर्शो को अपनाना ही उन्हें सबसे अच्छी श्रद्धांजलि होगी। उन्होने सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा स्थापना में जुड़े सभी सहयोगियो को बधाई दी।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, रेनू गंगवार, सुरेश गंगवार आदि मौजूद थे।





