मुठभेड़ में आरोपित के पैर में लगी गोली
नानकमत्ता।(लोक निर्णय)ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस ने फरार चल रहे आरोपित गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को दबोच लिया।पुलिस के अनुसार 6/7 अगस्त 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित आरोपित की तलाश में गश्त कर रही थी। मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। करीब दो किलोमीटर पीछा करने के बाद गलाबाग के पास आरोपी की बाइक फिसल गई। इसके बाद उसने झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की।पुलिस ने कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिनआरोपित लगातार फायरिंग करता रहा। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर पांच अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। पुलिस पहले ही दोनों सह-आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय व नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट फोटो और बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है।पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमे में बीएनएस की धारा 109(1), 317(2), 3(5) के साथ 3/25 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।





