मुख्यमंत्री चार नवंबर को काशीपुर में सम्मेलन को करेंगे संबोधित
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चार नवंबर को काशीपुर में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की जयंती के अवसर पर शहरी विकास विभाग उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में उत्तराखंड के सभी नगर निगमों के मेयर समस्त नगर पालिकाओं नगर पंचायतों के निर्वाचित अध्यक्षों, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों के नगर आयुक्त और अधिशाषी अधिकारी शामिल होंगे।सम्मेलन रामनगर रोड स्थित अनन्या होटल में होगा।मेयर काशीपुर दीपक बाली ने आज एक होटल में पत्रकारों को बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सुझाव और कार्य करने में आ रही दिक्कतों पर अपना अभिमत रखना और उसके निदान की दिशा में रणनीति बनाया जाना है। प्रथम सत्र सुबह नौ बजे से शुरू होगा।जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होंगे।दूसरे सत्र में शहरी विकास विभाग द्वारा बनाई गयी विकास योजनाओं का विमोचन किया जाएगा। जबकि तीसरे सत्र में मेयर, चेयरमैन और नगर पंचायत के अध्यक्ष और अधिकारीगण अपना सम्बोधन एवं सुझाव देंगे। इस दौरान प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। महापौर बाली ने बताया कि यह सम्मेलन कुमाऊं में पहली बार होने जा रहा है।सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट एवं अन्य प्रदेश पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीपुरमनोज पाल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविन्दर सिंह चण्डोक, संयोग चावला आदि मौजूद थे।





