मिनी स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ होने पर युवाओं ने विवेकदीप का किया स्वागत
किच्छा। (लोक निर्णय)किच्छा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ होने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री विशाल चौहान के साथ किच्छा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे खेल प्रेमियों ने पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड विवेक दीप सिंह के कार्यालय पहुंचकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।युवाओं ने मिनी स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सकारात्मक एवं ऐतिहासिक पहल बताया।विवेक दीप सिंह ने कहा कि मिनी स्टेडियम का निर्माण निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए एक सराहनीय शुरुआत है, लेकिन किच्छा विधानसभा के खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को देखते हुए एक भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी समय की मांग है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में प्रदेश सरकार के समक्ष मांग रखी जा चुकी है तथा आगामी समय में भी इस विषय को पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में खुरपिया क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा, जिससे क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष लवी सहगल, वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेंद्र राय सहित युवा कार्यकर्ता एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खेल अधोसंरचना के विकास को किच्छा के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया तथा खुरपिया में भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की मांग को भी पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह के समक्ष रखा।





