मंत्री के सामने ही ड्रेनेज प्लान बना सियासी हथियार, मंच से विधायक का मेयर पर तीखा हमला
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)शहर के बहुप्रतीक्षित ड्रेनेज प्लान को लेकर श्रेय की सियासत अब खुलकर सामने आ गई है। विधानसभा चुनाव से पहले ड्रेनेज योजना की सैद्धांतिक स्वीकृति को लेकर विधायक शिव अरोरा और मेयर विकास शर्मा आमने-सामने आ गए हैं। आज नगर निगम सभागार में आयोजित सरकार जनता द्वार कार्यक्रम के मंच से विधायक शिव अरोरा ने बिना नाम लिए मेयर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ड्रेनेज प्लान की पहल उन्होंने की थी और इसका पूरा रिकॉर्ड उनके पास मौजूद है।प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की मौजूदगी में विधायक ने दावा किया कि उन्होंने 24 नवंबर 2025 को सिंचाई मंत्री ने रुद्रपुर के ड्रेनेज प्लान की स्वीकृत के लिए दिए गए पत्र,विधानसभा में उठाए गए सवाल का हवाला दिया। उन्होंने मंच से विभाग का जवाब भी दिखाया और कहा कि जिस समय यह पत्राचार हुआ, उस समय नगर निगम का गठन तक नहीं हुआ था। ऐसे में कोई दूसरा व्यक्ति इस योजना का श्रेय लेने की कोशिश कर रहा है, जो तथ्यात्मक रूप से गलत है।उन्होंने यहां तक कहा कि अपने काम पर ध्यान देंगे तो जनता का भी भला होगा।दरअसल, कुछ दिन पहले मेयर विकास शर्मा ने ड्रेनेज प्लान की सैद्धांतिक स्वीकृति का श्रेय खुद को दिया था। इसके जवाब में विधायक शिव अरोरा ने प्रेसवार्ता कर दावा किया था कि उनकी लगातार पैरवी और प्रयासों के चलते ही योजना को मंजूरी मिली है। अब सरकारी कार्यक्रम के मंच से दोबारा इस मुद्दे को उठाकर विधायक ने साफ संकेत दे दिए हैं कि वह श्रेय की इस लड़ाई में पीछे हटने वाले नहीं हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ड्रेनेज प्लान पर शुरू हुआ यह विवाद केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक जमीन तैयार करने का हिस्सा भी बन चुका है। एक ही दल के दो प्रमुख नेताओं के बीच श्रेय की यह जंग अब सार्वजनिक हो गई है, जिससे संगठन के भीतर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं। शहर के लोगों की नजर अब इस बात पर है कि आखिर ड्रेनेज प्लान जमीन पर कब उतरता है और श्रेय की इस लड़ाई का राजनीतिक परिणाम क्या निकलता है।





