बूथ की मजबूती ही चुनाव जीतने का मूलमंत्र: खिलेंद्र
काशीपुर।(लोक निर्णय ) भाजपा की आज आवास विकास बूथ सशक्तिकरण बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गहन मंथन किया गया।साथ ही कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक में बूथ को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य वक्ता एवं जिला प्रभारी ऊधम सिंह नगर खिलेंद्र चौधरी ने कहा कि बूथ की मजबूती ही चुनाव जीतने का मूलमंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।बैठक में मंडल प्रभारी सुषमा सैनी ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और जनसंपर्क को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं और मजबूत बूथ संरचना में निहित है। कार्यकर्ता अभी से चुनाव फतह करने के लिए जुट जाए।इस दौरान जयदीप डौंडियाल, योगेश विश्नोई, मनोज राय, दिनेश नेगी सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने बूथों को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने तथा पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।





