बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में यूएस नगर को प्रदेश में मिला तीसरा स्थान
देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में निर्धारित लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुश्रवण एवं सतत निगरानी में जनपद ऊधम सिंह नगर ने प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह, ज्योति प्रसाद गिरोला एवं निदेशक सुशील कुमार द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया।यह उपलब्धि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के नेतृत्व में जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए गए समन्वित प्रयासों का परिणाम है। बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में जनपद द्वारा किए गए कार्यों को प्रदेश स्तर पर सराहा गया है। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा किऊधम सिंह नगर का प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त करना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति या विभाग की नहीं, बल्कि जिला प्रशासन, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।उन्होंने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनपद ऊधम सिंह नगर ने जिस प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ कार्य किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी वर्ष में जनपद और बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य हासिल करेगा।जनपद की इस उपलब्धि से जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों में हर्ष का माहौल है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसे विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता बताया।





