बागेश्वर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
बागेश्वर। (लोक निर्णय)“जन-जन की सरकार: 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत आज नुमाइश खेत मैदान, बागेश्वर में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोक गीतों पर लोगों ने खूब मस्ती की। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देशभक्ति, लोक संस्कृति एवं सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त सूचना विभाग की टीमों द्वारा भी आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी दर्शकों ने जमकर सराहना की।कार्यक्रम के दौरान कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर तालियों की गूंज से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। दर्शकों का उत्साह और कलाकारों का जोश देखते ही बन रहा था।इस अवसर पर परियोजना निदेशक शिल्पी पंत सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा।





