पत्नी का फोन न उठाने पर जांच के आदेश
चंपावत।राष्ट्रीय महिला आयोग के अभियान ‘महिला आयोग आपके द्वार’ के अंतर्गत, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड राज्य महिला की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने आज विकास भवन सभागार में ‘महिला जनसुनवाई की। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा और सामाजिक योजनाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं।जिस पर अध्यक्ष ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।जनसुनवाई में कुल 17 फरियादियों ने अपनी समस्याओं को आयोग के सम्मुख रखा। जिनमें कई संवेदनशील मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
एक महिला ने अपने पति द्वारा कई वर्षों से घर न आने के साथ ही फोन न उठाने की शिकायत दर्ज कराई।जिस पर अध्यक्ष ने सीओ को तत्काल जांच के निर्देश दिए। वन स्टॉप सेंटर की प्रशासिका रितु सिंह द्वारा बताया गया कि वर्ष 2019 से 2026 के 364 पंजीकृत मामलों में से 337 का सफल निस्तारण किया जा चुका है। प्रक्रियागत केस 27 तथा कुल आश्रय केस 56 है। संचालन महिला एवं बाल विकास सुपरवाइजर पुष्पा चौधरी द्वारा किया गया। इस दौरान दौरान अध्यक्षा नगर पालिका चम्पावत प्रेमा पांडेय, माननीय ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोरा, पूर्व प्रदेश मंत्री भाजपा हेमा जोशी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती आदि मौजूद थे।





