त्योहार पर चंपावत डीएम ने क्या दी अधिकारियों को हिदायत
चम्पावत। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा एवं ईगास-बग्वाल — को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने मनीष कुमार ने जिला कार्यालय सभागार में शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक ली।साथ ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी को पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित स्थलों पर ही लगवाने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल एवं अग्निशमन दल पूर्ण रूप से तैयार रखने को कहा। उप जिलाधिकारियों, ईओ को पटाखों की दुकानों का सत्यापन, अवैध भंडारण पर कड़ी निगरानी और बिक्री केवल निर्धारित समयावधि में ही सुनिश्चित कराने को कहा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी को त्योहारी अवधि के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अस्पतालों में ‘बर्न यूनिट’ (जला विभाग) की स्थापना करें। डीएम मनीष ने अधिशासी अभियंता (जल संस्थान) और विद्युत विभाग को दीपावली एवं अन्य पर्वों के दौरान विद्युत एवं जल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने की हिदायत दी।छठ पूजा के दृष्टिगत, संबंधित अधिकारियों को पूजा घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जुआ, नशा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएं और इन पर पूर्ण रोक सुनिश्चित की जाए। सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा नागरिकों के बीच शांति, सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी चंपावत अनुराग आर्या, टनकपुर आकाश जोशी, पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह राणा आदि मौजूद थे।





