त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा को लेकर छापेमारी, 12 नमूने लिए
काशीपुर। (लोक निर्णय)आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने काशीपुर, बाजपुर और रुद्रपुर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के 12 नमूने लिए। काशीपुर के मेन मार्केट स्थित आनंद डेयरी से पनीर, दूध और मक्खन के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान गंदगी व अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर हंस डेयरी से पनीर, घी और मक्खन के नमूने लिए गए तथा निर्माण इकाई को तत्काल बंद करा दिया गया। रुद्रपुर के ईश्वर डेयरी से पनीर और घी का नमूना लिया गया।बाजपुर दोराहा में वाहनों की चेकिंग के दौरान यूपी से आ रहे वाहन से दो पनीर के नमूने लिए गए। काशीपुर में रामनगर रोड स्थित प्रतिष्ठान से एक पनीर का नमूना लिया गया। वहीं, गंदगी एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण किए जाने पर एक प्रतिष्ठान के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। थाना काशीपुर पुलिस ने भी बसगीला होटल एवं शकील मिष्ठान भंडार से दूध की बर्फी का नमूना लिया।कुल 12 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मानकों के अनुरूप नमूने नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने प्रतिष्ठानों के स्वामियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, साफ-सफाई रखने तथा खाद्य एवं पेय पदार्थों का निर्माण, संग्रहण, वितरण व बिक्री निर्धारित मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए। खाद्य कारोबारियों को संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने की भी हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण अथवा लाइसेंस के खाद्य कारोबार करने और मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।अभियान में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज उपाध्याय, खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं मंडल डा. राजेंद्र सिंह कठायत, जिला अभिहित अधिकारी रुद्रपुर पंकज कुमार समेत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।





